रायबरेली -प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को पूरे लावलश्कर के साथ नामांकन किया। बड़े नेताओं का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। सुपर मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह से ही रौनक रही। प्रत्याशी एमएलसी के साथ बछरावां विधायक रामनरेश रावत, दल बहादुर कोरी, धीरेंद्र बहादुर सिंह समर्थकों के साथ डटे रहे। करीब 12 बजे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी वहां पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद रथ पर सभी लोग सवार हुए। वहीं, प्रत्याशी दिनेश सिंह कुछ दूर तक पैदल ही चले। कुछ दूरी बाद वे भी रथ पर सवार हो गए। इसके बाद पूरा जुलूस उनके साथ चल पड़ा। उत्साह से लबरेज कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए डिग्री कालेज चोराहे तक आए। यहां से उप मुख्यमंत्री के साथ प्रत्याशी, विधायक और प्रस्तावक कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष पर पहुंचे। नामांकन के समय पूर्व मंत्री गिरीश नारायण पांडेय, गंगा प्रसाद, दिलीप कुमार यादव, विधायक राम नरेश रावत प्रस्तावक बने। दिनेश प्रताप सिंह ने चार सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा प्रत्याशी दिनेशप्रताप सिंह ने किया नामांकन